दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम एवं पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार सुबह निगम के अफसरों और मेयर के साथ शहर का दौरा किया।
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम एवं पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार सुबह निगम के अफसरों और मेयर के साथ शहर का दौरा किया। सुबह करीब 6 बजे सर्किट हाऊस में आप के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक बलकार सिंह, इंदरजीत कौर मान, मेयर वनीत धीर, सैंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली, नॉर्थ हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल, आदमपुर के हलका इंचार्ज वपन टीनू से औपचारिक मुलाकात के बाद शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने मनीष सिसोदिया निकले।
उनके साथ डीसी हिमांशु अग्रवाल और निगम कमिश्नपर गौतम जैन भी मौजूद थे। सर्किट हाऊस से निकलने के बाद सबसे पहले भगवान वाल्मीकि चौक होते हुए मनाष सिसोदिया प्लाजा चौक डंप पर पहुंचे। डंप की हालत देखते ही उनका गुस्सा फूट पड़ा। एक तो गत दिवस सुबह में बरसात के कारण डंप की पूरी तरह सफाई नहीं हुई थी और सुबह में लिफ्टिंग से पहले कूड़ा डंप के बाहर सड़क तक फैला पड़ा था।
प्लाजा चौक के बाद काफिला फुटबाल चौक और आगे बस्ती शेख में लाल पहाड़ी नजदीकी डंप तक पहुंचा, जहां भी डंप की हालत दयनीय थी। बस्ती शेख के बाद 120 फुटी रोड होते हुए मनीष सिसोदिया वरियाणा डंप पर पहुंचे, वहां भी बायो माइनिंग प्रोजेक्ट के काम से संतुष्ट नहीं दिखे। बायो माइनिंग का काम तो मौके पर चल रहा था, लेकिन फिलहाल रोजाना सिर्फ 1,000 टन कूड़ा ही प्रोसैस चल रहा है, जिसको लेकर प्रोजैक्ट की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया। पूरे दौरे के बाद मनीष सिसोदिया ने निगम कमिश्नर को जमकर खरी-खोटी सुनाई, साथ में मेयर को भी लताड़ा।
कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था संतुष्टि लायक नहीं है और ना ही उसकी निगरानी संतोषजनक है। मनीष सिसोदिया ने जाते हुए कहा कि वो 15 दिनों के बाद दोबारा से शहर आएंगे और तब उन्हें कमजोर सफाई व्यवस्था को लेकर कोई तर्क ना पेश किया जाए। मनीष सिसोदिया की फटकार का ही असर रहा कि निगम कमिश्नर ने निगम दफ्तर आते ही हैल्थ ब्रांच के अफसरों के साथ मीटिंग की और निगरानी के लिए हैल्थ ब्रांच के साथ तहबाजारी और बिलिं्डग ब्रांच के अफसरों की तैनाती करने का आदेश जारी किया।