लुधियाना के लक्ष्मण नगर निवासी कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्यारोपित अमृतपाल सिंह मेहरों
इंटरनेट मीडिया विवादित व अश्लील वीडियो अपलोड करने वाली लुधियाना के लक्ष्मण नगर निवासी कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्यारोपित अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बठिंडा पुलिस ने बीते दिनों पंजाब पुलिस के ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन (बीओआई) को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपकर मेहरों के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग की है।
कौम दे राखे नामक कट्टरपंथी संगठन का मुखिया अमृतपाल सिंह मेहरों इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने 17 जून को स्थानीय अदालत से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी हासिल कर लिया था। आरोप है कि मेहरों ने इंटरनेट मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो व आडियो क्लिप पोस्ट की थीं, जिनमें धमिकयां और आपित्तजनक टिप्पणियां भी शामिल थीं। एसएसपी अमनीत कौंडल ने पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी तरफ से पंजाब पुलिस के ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन को पत्न भेजा है, उसमें हत्या और आरोपित की भूमिका से जुड़ी तमाम जानकारियां दी गई हैं। यह पत्र इंटरपोल की मदद से उसकी विदेश में गिरफ्तारी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
बता दें कि अमृतपाल मेहरो पर आरोप है कि उसने कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर की रेकी करवाई, फिर अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। इसके बाद गला दबाकर हत्या करवा दी। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हत्या का मास्टरमाइंड अमृतपाल घटना के बाद विदेश फरार हो चुका है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है। अब पोस्टर सामने आने के बाद पुलिस को शक है कि आरोपी को बचाने या उसके पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और जिन लोगों ने ये पोस्टर लगाए हैं, उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।