इजरायल और ईरान के बीच लगातार जंग तेज होती जा रही है।
इजरायल और ईरान के बीच लगातार जंग तेज होती जा रही है। दोनों देश एक-दूसरे के ऊपर घातक हथियारों से प्रहार कर रहे हैं। अगर अमेरिका युद्ध में कूदता है तो और भीषण हालात बन सकते हैं। जंग की वजह से दुनियाभर के कई देशों में कारोबार प्रभावित हो रहा है। संजीदा हालात का सीधा असर भारत पर भी दिखने लगा है। इंटरनेशनल लेवल पर तेल की कीमतों में भी खासा इजाफा हुआ है।
चाय कारोबार पर असर
आइए जानते हैं कि इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की वजह से भारत में कौन-कौन से कारोबार प्रभावित हुए हैं? विवाद के चलते फिलहाल भारत ने ईरान को चाय का निर्यात रोक दिया है। चाय एक्सपोर्टर्स का मानना है कि ईरान के टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में रुकावट आ चुकी है।
ईरान की बिजनेस एक्टिविटी में भी बड़ा बदलाव आया है, जिसकी वजह से उनका संपर्क ईरानी खरीदारों से नहीं हो पा रहा है। ईरान को भारत की ओर से ऑर्थोडॉक्स चाय निर्यात की जाती है। फिलहाल 100-150 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय एक्सपोर्टर्स पिछले 1 सप्ताह से ईरानी व्यापारियों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
ईरान के अलावा भारत इराक, सऊदी अरब, यूएई और कतर को भी चाय सप्लाई करता है। एक अनुमान के मुताबिक मध्य पूर्व बाजार में लगभग 90 मिलियन किलोग्राम चाय की सप्लाई की जाती है। भारत के कुल कारोबार के हिसाब से बात करें तो यह चाय निर्यात का 35 प्रतिशत है। जंग का असर यूपी के अलीगढ़ स्थित मीट बाजार पर भी पड़ा है।
मीट कारोबार पर असर
एक अनुमान के मुताबिक हर साल दुनियाभर में अलीगढ़ से 7200 करोड़ रुपये का मीट जाता है। अकेले ईरान की बात करें तो उसकी हिस्सेदारी 500 करोड़ रुपये है। सूत्रों के मुताबिक जंग शुरू होने के बाद से लगभग 50 करोड़ के ऑर्डर रद्द हो चुके हैं। अभी नए ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। अलीगढ़ से ईरान समेत कई खाड़ी देशों में हार्डवेयर एक्सपोर्ट का काम होता है। इस पर भी असर दिखने लगा है।