दिल्ली-NCR में भयंकर गर्मी पड़ रही है। हालांकि बीती शाम दिल्ली में धूल भरी आंधी भी चली, बावजूद इसके बीते दिन राजधानी का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान भी 26.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली से सटे नोएडा में भी बीती शाम हल्की बूंदाबांदी हुई। दिल्ली में AQI 300 से ज्यादा होने वाला है। इसलिए दिल्ली में ग्रैप-1 लागू कर दिया गया है। अगले 5 दिन 18 से 22 मई के बीच दिल्ली में मौसम खराब रहेगा। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं चलेंगी। तूफानी आने और बारिश होने का अलर्ट है। धूल भरी आंधी चल सकती है। पांचों दिन आसमान में बादल भी छाए रह सकते हैं।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा देश का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली धूल भरी आंधी चली। छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र, कच्छ, झारखंड, मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 60-80 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी/तेज हवाएं चलीं। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, ओडिशा, पंजाब, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा चंडीगढ़, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर 40-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण, तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि देखी गई।