भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के चलते बीते चार दिनों से बंद पड़ा आदमपुर एयरपोर्ट आज से फिर से संचालन में आ गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के चलते बीते चार दिनों से बंद पड़ा आदमपुर एयरपोर्ट आज से फिर से संचालन में आ गया है। क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था। अब हालात सामान्य होने पर सरकार ने एयरपोर्ट को फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी है।
सूत्रों के अनुसार,’स्टार एयरलाइन’ की उड़ानों की बुकिंग सोमवार से ही शुरू हो गई थी और मंगलवार से नियमित उड़ान सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। स्थानीय यात्रियों में इस फैसले के बाद राहत की भावना देखी जा रही है, क्योंकि उन्हें अब जालंधर से दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए फिर से सीधी उड़ानें मिल सकेंगी।
-ड्रोन गतिविधि बनी थी खतरे की वजह
पाकिस्तानी सीमा से लगातार भेजे जा रहे ड्रोन और संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए आदमपुर एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। सोमवार रात को भी पाकिस्तान की ओर से ड्रोन भेजे गए, लेकिन भारतीय सुरक्षाबलों की सतर्कता से उन्हें समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
गौरतलब है कि आदमपुर एयरबेस भारतीय वायुसेना का एक प्रमुख रणनीतिक केंद्र है। इसलिए सामान्य हवाई यातायात के साथ-साथ यह एयरबेस देश की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम भूमिका निभाता है। केंद्र सरकार ने इसी वजह से सुरक्षा कारणों को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाई थी।
-अब स्थिति नियंत्रण में
सेना और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार अब सीमा पर स्थिति नियंत्रण में है और खतरे का स्तर कम हुआ है। इसी के आधार पर आज से एयरपोर्ट को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों की जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट या हेल्पलाइन से प्राप्त करें, क्योंकि शुरुआती कुछ दिनों में सीमित सेवाएं बहाल की जा रही हैं।