अमृतसर के अटारी बॉर्डर से अब तक कुल 537 पाकिस्तानी अपने वतन पाकिस्तान वापस गए हैं।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े कदम उठाए हैं। इनमें सिंधु जल संधि 1960 को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और पाकिस्तानियों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने समेत अन्य फैसले शामिल हैं। भारत ने 12 तरह के शॉर्ट-टर्म वीजा धारक पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया था। मेडिकल वीजा वालों के लिए समयसीमा 29 अप्रैल तक है।
जिन 12 श्रेणियों के वीजा धारकों को रविवार तक भारत छोड़ना था, उनमें आगमन पर वीजा, व्यवसाय, फिल्म, पत्रकार, पारगमन, सम्मेलन, पर्वतारोहण, छात्र, आगंतुक, समूह पर्यटक, तीर्थयात्री और समूह तीर्थयात्री वीजा शामिल है। इन वीजा पर भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों के वापस लौटने की डेडलाइन रविवार को खत्म हो गई। लेकिन इसके बाद भी कई पाकिस्तानी नागरिक अब भी भारत में रह गए हैं। ऐसे में इनकी वापसी को लेकर अब आगे क्या कुछ होगा? इस बार में अटारी बॉर्डर के प्रोटोकॉल ऑफिसर ने जानकारी दी।
537 पाकिस्तानी नागरिक वापस लौटे
अटारी-वाघा बॉर्डर चौकी से पिछले तीन दिनों में 537 पाकिस्तानी नागरिक भारत से वापस चले गए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि रविवार को पाकिस्तान के 12 श्रेणियों के अल्पकालिक वीजा धारकों के लिए भारत में रहने की समय सीमा समाप्त हो गई।
आज 237 पाकिस्तानी भारत से गए
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर तैनात प्रोटोकॉल ऑफिसर अरुण ने बताया कि 29 अप्रैल तक अब सभी वीजा वाले पाकिस्तानी वापस पाकिस्तान जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आज भारत से 237 पाकिस्तानी नागरिक वापस पाकिस्तान गए और 116 भारतीय पाकिस्तान से वापस भारत लौटे। उन्होंने यह भी बताया गया कि अमृतसर के अटारी बॉर्डर से अब तक कुल 537 पाकिस्तानी अपने वतन पाकिस्तान वापस गए हैं, वहीं 1387 भारतीय अब तक पाकिस्तान से भारत वापस लौटे हैं।
अटारी-वाघा बॉर्डर से किस दिन कितने पाकिस्तान वापस लौटे?
आकंड़ा भारत सरकार के द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों और पाकिस्तान सरकार के द्वारा भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस जाने के दिए गए अल्टीमेटम यानी 24 अप्रैल से 27 अप्रैल तक का ये है।
-
24 अप्रैल को 28 पाकिस्तानी नागरिक वापस गए और 105 भारतीय नागरिक वापस भारत आए।
-
25 अप्रैल को 191 पाकिस्तानी नागरिक वापस गए और 287 भारतीय नागरिक वापस भारत आए।
-
26 अप्रैल को 75 पाकिस्तानी नागरिक वापस गए और 335 भारतीय नागरिक वापस भारत आए।
- 27 अप्रैल को 237 पाकिस्तानी नागरिक वापस गए और 116 भारतीय नागरिक वापस भारत आए।


