रविवार को राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच के दौरान हरभजन सिंह ने कुछ ऐसा कह दिया
भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर और इस समय कमेंटेटर की भूमिका में नजर आ रहे हरभजन सिंह विवादों में फंस गए हैं। हरभजन को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को लेकर एक टिप्पणी करना भारी पड़ गया है, जो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच रविवार को हुए मैच के दौरान की थी। यहां हरभजन ने आर्चर को ‘काली टैक्सी’ कहकर संबोधित किया था। उनके इस कमेंट के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है।
कब की है यह घटना
दरअसल, मैच में हैदराबाद की पारी के 18वें ओवर के दौरान आर्चर गेंदबाजी कर रहे थे और इस समय क्रीज पर हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन थे। इस दौरान दोनों ही बल्लेबाज ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे। क्लासेन-किशन ने जैसे ही आर्चर की पिटाई शुरू की, वैसे ही हरभजन ने कमेंट्री करते हुए कहा, ‘लंदन में काली टैक्सी का मीटर तेज भागता है और यहां पर आर्चर साहब का मीटर भी तेज भागा है।’ उनके इसी बयान पर अब चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोगों का तो यह भी मानना है कि उन्हें तुरंत कमेंट्री पैनल से बाहर कर देना चाहिए।


