पंजाब पुलिस ने अमृतसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस, 4 पेट्रोल बम और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई से जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर गतिविधियां संचालित कर रहे थे। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपियों का मकसद संवेदनशील स्थानों की रेकी करना, हथियारों की सप्लाई करना और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देना था।
गिरफ्तार किए गए लोगों में अमृतसर और तरनतारन के निवासी शामिल हैं। इनमें 5 वयस्क और 4 नाबालिग आरोपी बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ आरोपी युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ने और सुरक्षा संबंधी सूचनाएं जुटाने का प्रयास कर रहे थे।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में विदेशी हैंडलर्स की भूमिका सामने आई है। वहीं, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास संदिग्ध गतिविधियों का भी पता चला, जहां से संवेदनशील जानकारियां बाहर भेजे जाने की आशंका है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


