लुधियाना: अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अब इस ट्रेन का ठहराव नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर भी किया जाएगा। उत्तरी रेलवे ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। फिलहाल यह ठहराव पांच महीने के ट्रायल आधार पर रहेगा। इस दौरान यात्रियों की संख्या और टिकट बिक्री का आकलन किया जाएगा। यदि परिणाम संतोषजनक रहे तो इसे स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है।
रेलवे की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, ट्रेन संख्या 22448 अंब-अंदौरा–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 29 जुलाई से नंगल डैम स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन दोपहर 1:00 बजे अंब-अंदौरा से रवाना होकर 1:21 बजे ऊना पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 1:43 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और 1:53 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह 2:08 बजे श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी, जहां दो मिनट रुकने के बाद आगे का सफर जारी रहेगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 22447 नई दिल्ली–अंब-अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 30 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 10:18 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और 10:20 बजे ऊना के लिए रवाना होगी।
अब तक इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव केवल अंब-अंदौरा, ऊना, श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर था। नंगल डैम स्टेशन को शामिल किए जाने के बाद यह इस रूट का पांचवां आधिकारिक स्टॉप बन जाएगा।


