Saturday, July 25, 2026
HomeLatest Newsकॉमनवेल्थ गेम्स 2026: जादुमनी सिंह की शानदार शुरुआत, स्कॉटलैंड के एरन कलन...

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: जादुमनी सिंह की शानदार शुरुआत, स्कॉटलैंड के एरन कलन को 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

 

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाज जादुमनी सिंह मंडेंगबाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। पुरुषों के 55 किलोग्राम भार वर्ग के शुरुआती मुकाबले में उन्होंने स्कॉटलैंड के एरन कलन को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में प्रवेश कर लिया।

एसईसी हॉल में खेले गए इस मुकाबले में जादुमनी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उनके तेज और सटीक पंचों के सामने स्कॉटलैंड के खिलाड़ी पूरी तरह दबाव में नजर आए। मजबूत डिफेंस और बेहतरीन रणनीति के दम पर भारतीय बॉक्सर ने पूरे मुकाबले में विरोधी को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया। पांचों जजों ने जादुमनी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए हर राउंड में 30-27 का समान स्कोर दिया।

इस जीत के बाद अब जादुमनी का अगला मुकाबला 26 जुलाई को पाकिस्तान के मुक्केबाज रहमान से होगा। यदि वह यह मुकाबला जीत लेते हैं तो क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेंगे। भारतीय दल को उनसे इस बार पदक की भी बड़ी उम्मीद है।

जादुमनी की जीत के साथ भारतीय बॉक्सिंग टीम ने प्रतियोगिता में दमदार आगाज किया है। हालांकि इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में बैडमिंटन, हॉकी, कुश्ती, क्रिकेट और शूटिंग जैसे खेल शामिल नहीं किए गए हैं, जिनमें भारत ने पिछले संस्करण में कई पदक जीते थे। ऐसे में बॉक्सिंग सहित शामिल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

वहीं, भारत की स्टार मुक्केबाज और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन बिना मुकाबला खेले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। पहले दौर में ‘बाय’ मिलने के कारण उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है। लवलीना 31 जुलाई को अपना पहला मुकाबला खेलेंगी, जहां उनका सामना टाफाकी से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने पर उनका रजत पदक पक्का हो जाएगा और वह स्वर्ण पदक की दौड़ में भी बनी रहेंगी।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular