Monday, September 14, 2026
HomeLatest Newsहिमाचल के कुल्लू-पांगी मार्ग पर बड़ा हादसा, पहाड़ी से गिरी चट्टानों ने...

हिमाचल के कुल्लू-पांगी मार्ग पर बड़ा हादसा, पहाड़ी से गिरी चट्टानों ने टाटा सूमो को दबाया; 13 लोगों की मौत

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-पांगी मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। संसारी-किलाड़-तिंदी-थिरोट सड़क पर कडू नाला और श्योर के बीच गोरना के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी चट्टानें एक टाटा सूमो पर आ गिरीं, जिससे वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब टाटा सूमो कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी। वाहन में चालक सहित 13 लोग सवार थे। चट्टानों की चपेट में आने से सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और राहत दल मौके पर पहुंच गए। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर वाहन तक पहुंच बनाई गई और सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। सड़क खुलने के बाद वे पांगी के लिए रवाना हुए, लेकिन कडू नाला के पास प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गए।

मृतकों में पांगी, चंबा और लाहौल-स्पीति क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular