चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ‘मावां धियां सत्कार योजना’ को महिलाओं का लगातार बड़ा समर्थन मिल रहा है। योजना के तहत अब तक 70 लाख से अधिक महिलाओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है। सरकार ने शुरुआत में करीब 52 लाख लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा था, लेकिन पंजीकरण का आंकड़ा इससे काफी आगे निकल गया है। फिलहाल पूरे राज्य में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई महीने में 37 लाख से अधिक महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया, जबकि जून में लगभग 33 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया था। पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 66 विधानसभा क्षेत्रों में लाभार्थियों की संख्या 50 हजार से ज्यादा हो चुकी है।
सबसे अधिक पंजीकरण जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां 87,460 महिलाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। इसके बाद सनौर में 84,111 और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में 63,036 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं, सबसे कम पंजीकरण लुधियाना पश्चिम में लगभग 30 हजार महिलाओं का दर्ज किया गया।
योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार ने पहली किस्त के रूप में 32.96 लाख महिलाओं के खातों में जुलाई, अगस्त और सितंबर की सहायता राशि एक साथ ट्रांसफर की है। इसके लिए अब तक 1,149.59 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जुलाई में पंजीकरण कराने वाली महिलाओं को 1 अगस्त को तीन महीनों की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में पंजीकरण लगातार जारी रहेगा और पात्र किसी भी महिला को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।



