Friday, September 4, 2026
HomeLatest Newsमोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्रेनेड हमले का मुख्य आरोपी समेत 13...

मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्रेनेड हमले का मुख्य आरोपी समेत 13 गिरफ्तार, 4 महिलाएं भी शामिल

मोगा डेस्क: पंजाब के मोगा में सदर पुलिस स्टेशन पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हमले की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच एजेंसियां इस मामले में गैंगस्टर और आतंकी नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमले की योजना विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर के इशारे पर बनाई गई हो सकती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं। इससे पहले इस मामले में जम्मू-कश्मीर से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।

बता दें कि 8 जुलाई की सुबह करीब 3:15 बजे मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित सदर पुलिस स्टेशन परिसर में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने हैंड ग्रेनेड फेंका था। विस्फोट कम तीव्रता का होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे असली साजिशकर्ता कौन हैं और इस घटना में कितने लोग शामिल थे।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular