Monday, August 31, 2026
HomeLatest Newsशिमला के रामपुर में दर्दनाक HRTC बस हादसा, परिचालक समेत 2 की...

शिमला के रामपुर में दर्दनाक HRTC बस हादसा, परिचालक समेत 2 की मौत, कई यात्री घायल

 हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस (एचपी 06ए 6454) में लगभग 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी घड़ोली (तहसील ननखड़ी) और 72 वर्षीय डाकू राम, निवासी शाहदू (तहसील ननखड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रशासन के अनुसार सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की फौरी सहायता राशि जारी कर दी है। अन्य मृतकों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राहत राशि भी जारी की जाएगी।

वहीं, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर लगातार अभियान चला रहे हैं। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में रहकर घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular