यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में रविवार सुबह एक टायर शोरूम पर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। रामपुरा कॉलोनी स्थित शोरूम पर पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। जाते समय हमलावर शोरूम के बाहर एक धमकी भरा पर्चा भी छोड़ गए, जिस पर कथित तौर पर आतंकी कुलबीर सिद्धू का नाम लिखा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से गोलियों के खोखे और धमकी वाला पर्चा बरामद किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पर्चे पर लिखा नाम वास्तविक है या किसी ने जांच को भटकाने के लिए उसका इस्तेमाल किया है।
बरामद पर्चे में जान से मारने की धमकी दी गई है। गौरतलब है कि कुलबीर सिद्धू पर पहले से ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


