जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पूरे राज्य के हर शहर को ‘ओपन मैनहोल-फ्री’ बनाने के लिए 30 जून 2026 को अंतिम तिथि तय की है। सभी नगर निगम कमिश्नरों और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नरों (शहरी विकास) को इस संबंध में यथावत अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत चल रही ‘जीरो ओपन मैनहोल’ मुहिम में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी के सख्त परिणाम भुगतने पड़ेंगे। हरजोत सिंह ने बताया कि यह निर्देश राज्य स्तर की सुरक्षा ऑडिट के बाद जारी किया गया है, जिसमें मानसून सीजन से पहले सीवरेज बुनियादी ढांचे में 1451 खुले मैनहोल पाए गए थे। उन्होंने कहा कि 1000 से अधिक मैनहोल पहले ही ठीक कर दिए गए हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बारिश के मौसम के दौरान पानी भरने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए बचे हुए सभी खुले मैनहोलों को बंद करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खुले मैनहोलों को खासकर बारिश के मौसम में ‘मौत का कुआं’ बताते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और लापरवाही के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।


