चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित फर्जी वीडियो के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पूरे पंजाब में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस पर झूठा प्रचार फैलाकर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने तथा प्रदेश की शांति और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

मोहाली, फरीदकोट, मानसा, बरनाला, कपूरथला, मोगा और बादल समेत कई जिलों में आयोजित प्रदर्शनों में पार्टी के मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान विरोधी दलों के खिलाफ नारेबाजी की गई और आरोप लगाया गया कि राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

मोहाली में मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे विपक्षी दल परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर मनगढ़ंत और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में करीब 44 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। इसके अलावा गांवों में खेल सुविधाओं का विस्तार, सड़कों का निर्माण और सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसी कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब की शांति, तरक्की और सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के लोग सच और झूठ के बीच फर्क करना जानते हैं और वे भ्रामक प्रचार के जरिए गुमराह होने वाले नहीं हैं। ‘आप’ नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता के सामने तथ्यों को रखने और कथित दुष्प्रचार के खिलाफ पार्टी का विरोध दर्ज कराने के लिए आयोजित किए गए हैं। उनका कहना है कि पंजाब के लोग विकास और जनहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़े हैं।


