Tuesday, October 13, 2026
HomeLatest Newsपंजाब के फतेहगढ़ साहिब में भीषण हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी,...

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में भीषण हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत; 25 घायल

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौत और करीब 25 लोग घायल हो गए.

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

बस में लगभग 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब में दर्शन कर अपने गांव मेन माजरी लौट रहे थे. इसी दौरान बस्सी पठाना के पास यह हादसा हो गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की कहानी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनी, जिसके बाद वह घटनास्थल की ओर दौड़ा. वहां पहुंचने पर उसने देखा कि बस पलटी हुई है और यात्री मदद के लिए चीख-पुकार कर रहे हैं. आसपास के ग्रामीण भी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में जुट गए.

एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर तुरंत पर्याप्त एंबुलेंस नहीं पहुंच पाईं. शुरुआत में केवल एक एंबुलेंस ही आई, जिसके चलते कई घायलों को निजी वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. इससे राहत कार्य में कुछ देर जरूर हुई, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से कई जिंदगियां बचाई जा सकीं.

बस का एक टायर फट गया था

हादसे में घायल एक महिला ने बताया कि बस का एक टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. बस एक तरफ झुक गई और फिर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे लोगों को जोरदार झटका लगा और कई लोग सीटों से उछलकर गिर पड़े.

इस घटना को लेकर पुलिस ने भी आधिकारिक जानकारी साझा की है. फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ. शुरुआती जांच में बस के किसी हिस्से में खराबी की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन अचानक असंतुलित हो गया.

उन्होंने बताया कि पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. करीब 15 घायलों को मोरिंडा अस्पताल और 9 को फतेहगढ़ साहिब अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular