धोखाधड़ी के मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने अभिनेत्री शिल्पा शैट्टी से लंबी पूछताछ की है।
60 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने अभिनेत्री शिल्पा शैट्टी से लंबी पूछताछ की है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, ईओडब्ल्यू की एक टीम शिल्पा शैट्टी के आवास पर पहुंची, जहां करीब साढ़े 4 घंटे तक पूछताछ चली। इस दौरान पुलिस ने अभिनेत्री से उनकी एडवरटाइजिंग कंपनी के बैंक खाते से जुड़े कथित लेन-देन को लेकर कई सवाल पूछे। पूछताछ के दौरान शिल्पा शैट्टी ने अपनी कंपनी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी।
इसके अलावा उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांच अधिकारियों को सौंपे हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की बारीकी से वैरिफिकेशन की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन ट्रांजैक्शनों में कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई। बता दें कि मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी ने अगस्त में जुहू पुलिस स्टेशन में शिल्पा शैट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी।