पंजाब में IELTS कोचिंग संस्थानों पर निगरानी और सख्ती के बीच एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
पंजाब में IELTS कोचिंग संस्थानों पर निगरानी और सख्ती के बीच एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला बरनाला में संचालित एक प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर मैसर्स गर्ग कोचिंग सेंटर का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय जिला मजिस्ट्रेट टी. बेनिथ के आदेश पर लिया गया है।
-सरकारी नियमों की अवहेलना बनी कार्रवाई की वजह
जानकारी के अनुसार, यह कदम प्रशासन की और से पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन रूल्स 2013 और उसमें किए गए संशोधन 2014 के तहत उठाया गया है। सेंटर का लाइसेंस तय समयावधि के बाद नवीनीकरण नहीं किया गया था, जिससे यह नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आ गया।
-एसएसपी की रिपोर्ट बनी आधार
इस कार्रवाई की नींव एसएसपी बरनाला की ओर से जिला प्रशासन को सौंपी गई रिपोर्ट पर रखी गई। रिपोर्ट के आधार पर दर्शन कुमार गर्ग, पुत्र मुकंद लाल गर्ग, निवासी पुराना सिनेमा रोड, वार्ड नंबर 6, बरनाला द्वारा संचालित गर्ग कोचिंग सेंटर का लाइसेंस संख्या 101/एमए/डीएम/बीएनएल नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया।
-प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अवहेलना करने वाले अन्य कोचिंग सेंटरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और पारदर्शी प्रक्रिया को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।