पंजाब के तरनतारन जिले में आज सुबह एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब के तरनतारन जिले में आज सुबह एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें से एक को गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के जरिए सीमा पार से हथियारों की तस्करी में शामिल थे।
-पुलिस ने इलाके में की घेराबंदी
पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र से तरनतारन की ओर बढ़ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी सुखदेव सिंह और सरबन कुमार मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन खुद को फंसा देख दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
-पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की
जिसमें कुल पांच राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की गोली लगने से सुखदेव सिंह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सरबन कुमार को मौके से ही दबोच लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के पास से दो-दो हथियार बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वे पहले भी पंजाब में हथियारों की सप्लाई कर चुके हैं और आज भी बड़ी खेप पहुंचाने की फिराक में थे।
-पुलिस कर रही मामले की जाँच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, और इनका पाकिस्तान से क्या सीधा कनेक्शन है। सुरक्षा एजेंसियों को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की पोल खोल दी है। पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन के जरिए एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।