भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने नैशनल हेराल्ड घोटाले पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मामला केवल भ्रष्टाचार का नहीं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने नैशनल हेराल्ड घोटाले पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मामला केवल भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा के साथ विश्वासघात का भी है।
उन्होंने कहा कि जिस अखबार को कभी देश की आवाज कहा जाता था, उसे कांग्रेस ने गांधी परिवार की निजी संपत्ति बना दिया।
चुघ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जनता के पैसों और पार्टी फंड का दुरुपयोग करते हुए एक कॉर्पोरेट साजिश रची, जिसमें हजारों करोड़ की संपत्तियां गांधी परिवार के कब्जे में पहुंची।
‘यंग इंडियन’ नाम की जिस कंपनी को चैरिटेबल संस्था बताया गया, वह असल में गांधी परिवार के लिए चैरिटी नहीं, संपत्ति हड़पने का जरिया थी। 90 करोड़ का कर्ज महज 50 लाख में माफ करवा कर कांग्रेस ने जिस बेशर्मी से संपत्ति ट्रांसफर की, वह लोकतंत्र का सबसे शर्मनाक अध्याय है।
चुघ ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी 4 साल से जमानत पर बाहर हैं। लेकिन अब तक न जनता को जवाब दिया, न अदालत को संतोषजनक स्पष्टीकरण। कांग्रेस द्वारा ईडी की जांच को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन और धमकी भरे बयानों से यह साफ है कि वे जांच से डरते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस अखबार को सरदार पटेल ने संदिग्ध चंदा जुटाने को लेकर चेतावनी दी थी, उसे कांग्रेस ने सत्ता और पैसे का जरिया बना दिया।
चुघ ने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस और गांधी परिवार को अब जवाब देना होगा। क्या उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को सिर्फ अपनी जेब भरने के लिए इस्तेमाल किया? क्या यह लोकतंत्र के साथ खुला मजाक नहीं है?