अमृतसर:
डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिलेवासियों से जनगणना-2027 के तहत शुरू की गई स्व-जनगणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। ऑनलाइन जानकारी सफलतापूर्वक जमा करने के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट स्व-जनगणना पहचान संख्या (SE ID) जारी की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकार घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान जिन परिवारों ने पहले ही स्व-जनगणना कर ली होगी, उन्हें गणनाकारों को अपनी SE ID दिखानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने लोगों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों व मित्रों को भी स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करने की अपील की।
दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, परिवहन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की योजना बनाई जाती है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी निर्धारित नियमों के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






