जालंधर,
पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने का आह्वान करते हुए पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, मेयर विनीत धीर, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, शालीन मित्रा, ‘नशा मुक्ति मोर्चा’ के दोआबा कोऑर्डिनेटर अतिन अग्निहोत्री, पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी, जिला योजना कमेटी के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमणीक सिंह रंधावा और ‘नशा मुक्ति मोर्चा’ के जालंधर कोऑर्डिनेटर शैंकी भगत ने आज शहर के बर्ल्टन पार्क से राज्य सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत एक विशाल बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

‘नशा मुक्ति मोर्चा’ द्वारा आयोजित इस रैली में जालंधर भर से सैकड़ों बाइक सवारों ने हिस्सा लिया और शहर से गुजरते हुए ‘पंजाब अगेंस्ट ड्रग्स’ का संदेश दिया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग छेड़ी हुई है और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर इस अभियान को एक जन-आंदोलन में बदल दिया है। श्री भगत ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना और मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की सोच के अनुसार राज्य को उसके पुराने गौरवशाली दौर की ओर ले जाना है। उन्होंने युवाओं से पंजाब से नशा खत्म करने और मुख्यमंत्री के ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने में मदद करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे से दूर रखने के लिए ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ जैसी पहल की जा रही हैं। उन्होंने ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ को एक बेहद सफल प्रयास बताया, जिसमें राज्य के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास मुख्यमंत्री, पंजाब की ‘रंगला पंजाब’ की सोच को दर्शाता है। इस जागरूकता अभियान के लिए प्रतिभागियों और ‘नशा मुक्ति मोर्चा’ की पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए श्री भगत ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने की अपील की।
विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों को केवल चुनाव नजदीक आने पर ही युवाओं की याद आती है और वे मार्च निकालते हैं, जिसके पीछे सिर्फ वोट-बैंक की राजनीति होती है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के माध्यम से राज्य से नशे के पूर्ण खात्मे के लिए ईमानदार प्रयास किए हैं। उन्होंने राज्यवासियों से इस व्यापक नशा विरोधी अभियान को लगातार समर्थन देने की अपील भी की।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्री भगत ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ और शिक्षा प्रणाली में लाए गए क्रांतिकारी बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि लोग जानते हैं कि पंजाब की भलाई के लिए वास्तव में कौन काम कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन जन-कल्याणकारी पहलों ने पंजाब को विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, जिससे राज्य के सभी क्षेत्रों की तरक्की सुनिश्चित हुई है।
इससे पहले विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों ने भांगड़ा प्रस्तुत किया और नशा-विरोधी स्किट के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इसी प्रकार, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और लोक गायक दलविंदर दयालपुरी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। यह बाइकर रैली कपूरथला चौक, फुटबॉल चौक और श्री गुरु रविदास चौक से होती हुई मॉडल टाउन के शिवानी पार्क में संपन्न हुई, जहां पंजाब खादी और ग्राम उद्योग बोर्ड के चेयरमैन गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया, ‘आप’ नेता बलवीर सिंह पाला जलालपुरिया और स्थानीय निवासियों ने रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया।