रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट की वेबसाइट पर 24 नवंबर के लिए दिल्ली-दुबई फ्लाइट का टिकट 30,284 रुपये में उपलब्ध था। हैरानी की बात यह रही कि बुकिंग प्रक्रिया पेमेंट पेज तक पहुंच गई और इस दौरान उड़ान रद्द होने या सेवा प्रभावित होने से जुड़ी कोई चेतावनी नहीं दिखाई दी।
दरअसल, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डनाटा का करीब 35.8 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण 12 नवंबर से स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं निलंबित कर रखी हैं। इसके चलते दुबई से दिल्ली, मुंबई, अमृतसर और जयपुर आने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। मुंबई-दुबई फ्लाइट SG-5060 भी पिछले एक सप्ताह से संचालित नहीं हो रही थी, लेकिन इसके टिकट वेबसाइट पर उपलब्ध बताए गए।
घरेलू रूट्स पर भी उड़ानें रद्द, यात्रियों में नाराजगी
स्पाइसजेट की परेशानी सिर्फ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक सीमित नहीं है। दिल्ली-मुंबई रूट पर 19 से 21 नवंबर के बीच दोनों दिशाओं में कम से कम 8-8 उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई। इसके बावजूद 23 नवंबर और उसके बाद की तारीखों के लिए टिकटों की बुकिंग जारी रही।
19 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिल्ली-मुंबई फ्लाइट SG-603 घंटों की देरी के बाद रद्द कर दी गई। इससे नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की। एक अन्य घटना में उड़ान में देरी को लेकर यात्री और एयरलाइन कर्मचारी के बीच तीखी बहस भी हुई।
यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी शिकायतें साझा की हैं। कुछ यात्रियों का आरोप है कि उड़ान रद्द होने के 20 दिन बाद भी उन्हें रिफंड नहीं मिला। वहीं, एक यात्री ने बताया कि सुबह 11 बजे की फ्लाइट करीब 11 घंटे की देरी से रात 10 बजे रवाना हुई और इसकी सूचना भी उड़ान से महज एक घंटा पहले दी गई।






