जालंधर :
पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत 22 नवंबर को शहर में पंजाब अगेंस्ट ड्रग्स बाइक रैली करवाई जा रही है।डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह बाइक रैली बर्लटन पार्क के गेट नंबर 4 से शुरू होगी और वर्कशॉप चौक, फुटबॉल चौक, नकोदर चौक, श्री गुरु रविदास चौक, मॉडल टाउन, मसंद चौक होते हुए शिवानी पार्क में समाप्त होगी।
उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य लोगों, खासकर युवाओं को नशों के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए लामबंद करना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले नशों के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जागरूकता मीटिंगें भी की जाएंगी। श्री वालिया ने बताया कि बाइक रैली के सुचारू संचालन, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक प्रबंधों के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों, खासकर युवाओं से इस बाइक रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशों के खिलाफ चल रही जागरूकता अभियान में अपना योगदान देने की अपील की।





