शाहकोट (जालंधर) :
गांव तलवंडी संघेड़ा के रहने वाले दो सगे भाइयों की ग्रीस में तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। दरअसल, ग्रीस में 3 नवंबर को एक व्यक्ति ने तेजधार हथियारों से हमला विदेश की धरती पर अपने परिवार का सहारा बनने और सपने लेकर गए दो सगे भाइयों का कत्ल कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार से दो जवान बेटे छीन लिए, बल्कि उस पिता के सपने भी तोड़ दिए, जिसने घर की खराब आर्थिक हालत के बावजूद कर्ज उठाकर दो बेटों को विदेश भेजा था।

मौत की खबर से परिवार में मातम छाया है। दुखी पिता बूटा सिंह ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालत ठीक न होने के कारण वह बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहता था। बूटा सिंह बताते हैं कि उनके तीन बेटे हैं- बड़ा बेटा सुपिंदर सिंह (29), मंझला दलजीत सिंह (26) और सबसे छोटा गुरविंदर सिंह (23)। घर के माली हालात बेहद कमजोर है। करीब 8 महीने पहले जालंधर के गांव गुमटाली निवासी दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह के भरोसे पर दिलाया कि वह बेटों को ग्रीस सेट करा देगा। उसकी बातों में आकर बूटा सिंह ने कर्ज उठाया और पहले दलजीत को वर्क परमिट पर ग्रीस भेजा। दलजीत के कहने पर तीन महीने पहले छोटे भाई गुरविंदर को भी वहीं भेज दिया।

दोनों भाई एक पिग फार्म में साथ काम कर रहे थे और घर के हालत बदलने की जद्दोजहद में जुटे थे। इसी दौरान ग्रीस में रहते उनके दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बेटों को ग्रीस भेजने के लिए कहा। संदीप दूर के रिश्ते में बच्चों का मामा लगता है। आरोप है कि इसी ने दोनों बेटों की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। परिवार ने बताया कि आरोपी दोनों से पैसे मांगा करता था, इसी को लेकर उसने हत्या कर दी। ग्रीस पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घर के आंगन में अब उनके अंतिम दर्शनों की तैयारियां हो रही हैं। दोनों भाइयों के शव हत्या के 18 दिन बाद शनिवार सुबह तड़के हवाई जहाज से अमृतसर पहुंचेंगे। शनिवार 21 नवंबर को ही पैतृक गांव तलवंडी संघेड़ा में दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।





