Thursday, November 19, 2026
HomeLatest Newsनेशनल हाईवे पर चावल से लदा ट्रक हुआ हादसे का शिकार, लगा...

नेशनल हाईवे पर चावल से लदा ट्रक हुआ हादसे का शिकार, लगा जाम- जालंधर

जालंधर:

फिल्लौर के शेरां वाला गेट (रामगढ़ बाईपास) के पास देर रात चावल से लदे ट्रक के साथ हादसा हो गया। ड्राइवर के अनुसार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उसका बासमती चावल से लदा 18-टायरा ट्रक टकरा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन ट्रकका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

ट्रक चालक तीर सिंह फगवाड़ा से बासमती चावल लोड करके हरियाणा के करनाल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह फिल्लौर में शेरां वाला गेट के सामने पहुंचा, उसके आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे आ रहा 18-टायरा ट्रक अनियंत्रित होकर आगे वाले वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी बीच सड़क पर ही बंद होकर खड़ी हो गई। हादसे के तुरंत बाद आगे वाला वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

ट्रक चालक तीर सिंह ने बताया कि वह गाड़ी में अकेला था और उसे समझ ही नहीं आया कि आगे वाले चालक ने अचानक ब्रेक क्यों लगाई। शायद रास्ता पूछने या किसी अन्य कारण से उसने एकदम गाड़ी रोक दी, जिससे यह दुर्घटना हुई। सौभाग्य से इस भीषण टक्कर में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद फिल्लौर से लुधियाना और हरियाणा की तरफ जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर केवल एक ही वाहन के निकलने जितनी जगह बची थी, जिससे करीब 4 से 5 किलोमीटर तक भारी जाम लग गया।

सूचना मिलते ही पंजाब की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही वहां से गुजर रहे स्थानीय राहगीरों और खालसा जत्थेबंदियों के सदस्यों ने भी रुककर चालक का हालचाल जाना और मदद की। सड़क सुरक्षा फोर्स के जवानों ने यातायात को सुचारू करने के लिए वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट करना शुरू किया। इसके अलावा, बीच सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त ट्रक को किनारे हटाने के लिए बड़ी हाइड्रा मशीनों और क्रेन को मौके पर बुलाया गया, ताकि हाईवे पर यातायात पूरी तरह बहाल किया जा सके।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular