फिल्लौर:
नेशनल हाईवे पर एक कार और बोलेरो गाड़ी के बीच जबरदस्त टक्कर होने के कारण दोनों वाहन पलट गए। इस हादसे में कार सवार दो नौजवानों में से एक ज़ख्मी हो गया, जिसे सड़क सुरक्षा फोर्स (एस.एस.एफ.) की टीम द्वारा सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुँचाया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एम.डी.टी. डिवाइस के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर जब एस.एस.एफ. की टीम मौके पर पहुँची तो देखा कि जालंधर साइड से लुधियाना की तरफ जा रही एक कार और बोलेरो गाड़ी का आपस में हादसा हो गया था।
उन्होंने बताया कि कार चालक द्वारा बोलेरो गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान कार बेकाबू हो गई। कार कई पलटे खाती हुई डिवाइडर पार करके दूसरी सड़क पर जा पलटी, जबकि बोलेरो गाड़ी भी डिवाइडर के ऊपर पलट गई। हादसे के दौरान कार में सवार दो नौजवानों में से एक को चोटें लगीं।
ज़ख्मी नौजवान को एस.एस.एफ. की टीम ने अपनी सरकारी गाड़ी के जरिए सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुँचाया। इंचार्ज सरबजीत सिंह के अनुसार कार चालक ने खुद शराब का सेवन करने की बात बताई।
उन्होंने बताया कि हादसे संबंधी थाना फिल्लौर के मुंशी और एस.एच.ओ. को सूचित कर दिया गया। इसके बाद एस.एस.एफ. की टीम ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए दोनों वाहनों को सीधा करवाकर सड़क साफ करवाई।



