Thursday, October 22, 2026
HomeLatest Newsनशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा:...

नशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा: मोहिंदर भगत

जालंधर :

पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि पंजाब सरकार ने सूबे से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए लगातार युद्ध छेड़ रखा है और नशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में विधायक बलकार सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, एस.एस.पी. जालंधर (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क और नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है, जिसके तहत नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि युद्ध नशों के विरुद्ध के तहत 1 मार्च 2025 से 30 अगस्त 2026 तक 58797 मामले दर्ज करके 76701 मुलजि़मों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मुहिम के तहत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा 21.99 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।

श्री भगत ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत की कि नशे के खिलाफ मुहिम को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए नशे की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने इस अभिशाप को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस, सिविल प्रशासन और स्थानीय लोगों के बेहतर आपसी तालमेल की जरूरत पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री ने डी.एस.पी.ओं को हिदायत करते हुए कहा कि एस.एच.ओ., गांव और वार्ड डिफेंस कमेटियों के साथ नियमित बैठकें की जाएं और अपने क्षेत्रों में नशों संबंधी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने पुलिस को जमानत या पैरोल पर बाहर आए नशा तस्करों पर भी सख्त नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति फिर से नशा तस्करी में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार बनती कार्रवाई अमल में लाई जाए।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सूबे से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और नशे के खिलाफ लड़ाई को पुलिस, सिविल प्रशासन, नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से और तेज किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जहां नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशों के दलदल में फंसे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए भी ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशों के अभिशाप से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त रंगला पंजाब के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग का योगदान बहुत जरूरी है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular