जालंधर, 27 अगस्त:
पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘खेड़ां वतन पंजाब दीयां-2026’ के तहत जिले में 7 सितंबर 2026 से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ‘खेड़ां वतन पंजाब दीयां-2026’ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 7 सितंबर से 12 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी, जिनमें कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी। इसी तरह जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 20 से 30 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, टेनिस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और कुश्ती (रेसलिंग) सहित 28 खेलों के मुकाबले होंगे।

श्री वालिया ने बताया कि इन खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिसके लिए विभाग के पोर्टल https://sports.punjab.gov.in/login पर पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) किया जा सकता है। इसके अलावा खेलों के दौरान मौके पर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने, उनका रुझान खेलों की ओर करने और खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के युवाओं और खिलाड़ियों से इन खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने खेल संस्थाओं और कोचों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि जालंधर जिले के खिलाड़ी इन खेलों में शानदार प्रदर्शन कर जिले और पंजाब का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस और जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह भी उपस्थित थे।


