Friday, August 21, 2026
HomeLatest Newsएक झटके में उजड़ गया परिवार, नकोदर से लौटते समय एक्टिवा को...

एक झटके में उजड़ गया परिवार, नकोदर से लौटते समय एक्टिवा को कार ने मारी टक्कर

जालंधर डैस्क: नकोदर में माथा टेककर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब फिल्लौर के हरीपुर खालसा गेट के पास उनकी एक्टिवा को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और उनकी 6 वर्षीय बेटी की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, लुधियाना निवासी विनय (38) अपनी पत्नी सुमन (35) और बेटी कवीशा (6) के साथ एक्टिवा पर नकोदर से वापस लौट रहे थे। हरीपुर खालसा गेट के नजदीक अचानक एक कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में सुमन और उनकी 6 वर्षीय बेटी कवीशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। तीन मौतों की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उधर, हादसे में कार चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है और उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और पूरी घटना की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular