जालंधर, 13 अगस्त :
पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज बस्ती बावा खेल इलाके में 53.9 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत करवाई।

इन विकास कार्यों में 23.82 लाख रुपये की लागत से कटहिरा मुहल्ला, बस्ती बावा खेल के श्मशान घाट के नवीनीकरण के काम, आर्य समाज वेद मंदिर/धर्मशाला, बस्ती बावा खेल में 15.10 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण और राज नगर के राम लीला ग्राउंड में 14.98 लाख रुपये की लागत से स्टेज का निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर संबोधन करते हुए कॅबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश भर में युद्ध स्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने के साथ-साथ इलाकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने पर जोर दे रही है।

श्री भगत ने कहा कि विकास कार्यों के लिए फंड्स की कोई कमी नहीं है और लोगों की जरूरतों को मुख्य रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देकर तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कम्युनिटी हॉल बनने से लोगों को जहां अपने धार्मिक और सामाजिक समारोह करने के लिए सुविधा मिलेगी, वहीं राम लीला ग्राउंड में स्टेज का निर्माण होने से धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां बेहतर ढंग से हो सकेंगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में भी विकास कार्य इसी रफ्तार से जारी रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इलाकावासी भी मौजूद थे।


