जालंधरः स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस मॉड्यूल के तार विदेश में बैठे एक कथित हैंडलर से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आदमपुर के पास एक DLB से ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हथियार किस उद्देश्य से मंगवाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
DGP गौरव यादव ने साझा की जानकारी
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। FIR थाना सदर नवांशहर, जिला एसबीएस नगर में दर्ज की गई है।
विदेशी हैंडलरों से लेकर स्थानीय मददगारों तक जांच
पूछताछ के आधार पर पुलिस अब विदेश में बैठे कथित हैंडलरों और पंजाब में मौजूद उनके संभावित स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि मॉड्यूल में कितने लोग सक्रिय थे और उन्हें क्या-क्या जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
पुलिस इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को खंगाल रही है, ताकि हथियारों की सप्लाई से लेकर संभावित टारगेट तक पूरी साजिश का पता लगाया जा सके। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


