जालंधर: शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, IPS की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों को लेकर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली गई।
बैठक में नशा तस्करी, चोरी-डकैती, साइबर अपराध और वांछित आरोपियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों की जांच तेजी से पूरी कर कानूनी प्रक्रिया के तहत समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर बढ़ाई जाएगी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ-साथ नाकेबंदी और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच तेज करने को कहा गया है।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और सेफ पंजाब हेल्पलाइन 97791-00200 पर मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय रहते पुलिस सहायता मिल सके।
साइबर फ्रॉड को लेकर भी जागरूकता पर जोर
बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने और साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करते हुए जालंधर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।


