शहर में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में दल मंडी इलाके में चल रही एक अवैध डेयरी पर कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने दो पशुओं को जब्त कर नगर निगम की गोशाला भेज दिया। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में की गई।
नगर निगम के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की निगरानी में हुई इस कार्रवाई में निगम अधिकारियों के साथ पंजाब पुलिस ने भी सहयोग किया। अधिकारियों का कहना है कि शहर की आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध डेयरियां गंदगी, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि निगम सीमा के भीतर बिना अनुमति डेयरी संचालन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पशुओं की जब्ती के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने डेयरी संचालकों से केवल अधिकृत स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करने की अपील की है।



