Saturday, August 1, 2026
HomeLatest Newsपंजाब में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक...

पंजाब में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 1 अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए पूरे राज्य और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते मानसूनी सिस्टम पंजाब की ओर सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासतौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली समेत कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून के और मजबूत होने की संभावना है, जिससे जुलाई में हुई बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि वातावरण में नमी बनी रह सकती है।

इस बीच प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश को देखते हुए सुखना लेक, सुखना कैचमेंट एरिया और घग्गर नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली के खंभों, खुले तारों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की भी हिदायत दी गई है।

उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते भाखड़ा डैम में पानी की आवक बढ़ी हुई है। हालांकि डैम का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से करीब 81 फीट नीचे है, इसलिए फिलहाल किसी तरह का तत्काल खतरा नहीं बताया गया है।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular