जालंधर: पीएपी से अमृतसर हाईवे पर जेसी रिसोर्ट के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर खड़ी एक खराब बस को बचाने की कोशिश में एक टिप्पर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया। हालांकि, घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से टिप्पर को हटाने का काम शुरू किया और ट्रैफिक को दोबारा सुचारु कराया। खराब बस को भी क्रेन के जरिए सड़क से हटाया गया।
घायल टिप्पर चालक दिलजिंदर सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर ननकाना साहिब नाम की एक खराब बस खड़ी थी, लेकिन वहां किसी तरह का चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर की बस से टक्कर हो गई। इसके बाद टिप्पर भी नियंत्रण खो बैठा और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में टिप्पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक की बाजू फ्रैक्चर हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर खड़ी खराब बस को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।


