अमृतसर: पंजाब के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एयर इंडिया ने अमृतसर से अपनी नई ‘ईजी कनेक्ट’ (Easy Connect) सेवा शुरू कर दी है। इस सुविधा के जरिए अब अमृतसर से यात्रा करने वाले यात्री दिल्ली में दोबारा चेक-इन या बैगेज ट्रांसफर की झंझट के बिना 27 अंतरराष्ट्रीय देशों के लिए आसानी से अपनी आगे की उड़ान पकड़ सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक का चेक-इन और इमिग्रेशन पूरा कर सकेंगे। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें सामान दोबारा जमा कराने या टर्मिनल बदलने की जरूरत नहीं होगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और पूरी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।
एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए रोजाना दो उड़ानें संचालित करेगी। सुबह की उड़ान के जरिए यात्री लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, रोम, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, मिलान, वियना, कोपेनहेगन और बर्मिंघम जैसे यूरोपीय शहरों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं रात की उड़ान से न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, बाली, फुकेत और दुबई सहित कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
एयर इंडिया ने यह भी घोषणा की है कि अगले दो महीनों में अमृतसर आने वाले विदेश यात्रियों के लिए भी इनबाउंड ईजी कनेक्ट सेवा शुरू की जाएगी। इससे विदेश से आने वाले यात्रियों का दिल्ली के जरिए अमृतसर तक ट्रांसफर पहले से अधिक आसान हो जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस पहल को देश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत अधिक से अधिक भारतीय यात्रियों को विदेशी एयरपोर्ट की बजाय भारतीय हब के माध्यम से यात्रा कराने की योजना पर काम किया जा रहा है।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों को डिजी यात्रा (DigiYatra) में पंजीकरण कराना होगा। एयर इंडिया के अनुसार, इस सेवा की बुकिंग उसके सभी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।



