नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा जारी है। मंगलवार सुबह मौसम में कुछ समय के लिए सुधार होने से श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। दिन में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों और तीर्थयात्रियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
लगातार बारिश के कारण केदारनाथ, बद्रीनाथ और आसपास के पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद चारधाम यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारू रूप से संचालित हो रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक 14.14 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि भारी बारिश की चेतावनी के चलते पिछले दो दिनों में यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम में सुधार के बाद यात्रा को चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू किया गया। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।



