अमृतसर: आम आदमी पार्टी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज करमजीत सिंह रिंटू ने सोमवार को अमृतसर के विभिन्न सरकारी स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल बैग और यूनिफॉर्म वितरित किए। इस दौरान उन्होंने स्कूल ऑफ एमिनेंस मॉल रोड, स्कूल ऑफ एमिनेंस करमपुरा, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोल बाग और सरकारी स्कूल नौसहरा खुर्द के छात्रों से भी बातचीत की।
करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान इंटरनेशनल शक्तिसैट सैटेलाइट मिशन के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली स्कूल ऑफ एमिनेंस मॉल रोड की छात्रा टिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा NEET-2026 परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
रिंटू ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूल अब शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों और स्कूल स्टाफ की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण के कारण सरकारी स्कूल शिक्षा क्रांति का मजबूत उदाहरण बन रहे हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कंवलजीत सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, अध्यापक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।



