Tuesday, September 1, 2026
HomeLatest Newsभारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने भरी रफ्तार, जींद से हुई शुरुआत;...

भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने भरी रफ्तार, जींद से हुई शुरुआत; स्वच्छ रेल तकनीक की नई मिसाल

जींद : भारतीय रेलवे ने हरित और आधुनिक परिवहन की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। हरियाणा के जींद से इसकी शुरुआत होने के साथ ही भारत हाइड्रोजन रेल तकनीक अपनाने वाले दुनिया के चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है।

पहले दिन ट्रेन में 270 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें करीब 200 स्कूली बच्चे भी शामिल थे। उद्घाटन यात्रा के दौरान रेलवे स्टेशन पर लोगों ने उत्साह के साथ ट्रेन का स्वागत किया। इस विशेष ट्रेन का संचालन लोको पायलट राजेश कुमार और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट गगनदीप सिंह ने किया, जिन्हें इसके लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया था।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि जींद में स्थापित हाइड्रोजन प्लांट में इलेक्ट्रोलिसिस तकनीक के माध्यम से पानी से हाइड्रोजन तैयार की जाती है। इस ईंधन के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम होगा और प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार नई तकनीकों को अपनाकर यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देने के लिए काम कर रही है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के बाद हाइड्रोजन ट्रेन भविष्य की रेल व्यवस्था की नई शुरुआत मानी जा रही है।

उद्घाटन यात्रा के बाद ट्रेन सोनीपत से बिना यात्रियों के वापस जींद पहुंची। रेलवे के अनुसार, फिलहाल परीक्षण और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं जारी हैं। इनके पूरा होने के बाद इस ट्रेन का नियमित संचालन आम यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular