Tuesday, September 1, 2026
HomeLatest Newsतरनतारन में दो मासूम सगे भाइयों की मौत, खाना खाने के बाद...

तरनतारन में दो मासूम सगे भाइयों की मौत, खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले के गांव रानीवाला में दो मासूम सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मृतकों की पहचान 7 वर्षीय गुरनिशान सिंह और डेढ़ वर्षीय गुरदान सिंह के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गांव रानीवाला निवासी सरजीत सिंह के बेटे थे।

जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई की रात परिवार ने घर में बना खाना खाया था। भोजन करने के कुछ समय बाद परिवार के कई सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले गुरनिशान सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं डेढ़ वर्षीय गुरदान सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना दूषित भोजन या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, बच्चों की मौत का वास्तविक कारण मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular