Thursday, July 16, 2026
HomeLatest Newsअमेरिका के मॉल में भारतीय मुस्लिम युवक पर जानलेवा हमला, धर्म पूछने...

अमेरिका के मॉल में भारतीय मुस्लिम युवक पर जानलेवा हमला, धर्म पूछने के बाद 15 बार घोंपा चाकू

 अमेरिका के यूटा राज्य के एक शॉपिंग मॉल में एक भारतीय मुस्लिम युवक पर धर्म के आधार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़ित से उसका धर्म और वह कहां का रहने वाला है, यह पूछा। जैसे ही युवक ने बताया कि वह भारत का रहने वाला और मुस्लिम है, आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक को करीब 15 बार चाकू मारा गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में हुई, जहां पीड़ित सोहेल एक कियोस्क पर काम करता था। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने पीड़ित को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला हेट क्राइम (धार्मिक नफरत से प्रेरित हमला) प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के कट्टरपंथी विचार और उसके बयान उसे समाज के लिए गंभीर खतरा साबित करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने पहले सोहेल से पूछा, “तुम कहां के रहने वाले हो?” जवाब में उसने कहा, “मैं भारत से हूं।” इसके बाद आरोपी ने पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो? जैसे ही सोहेल ने “हां” कहा, आरोपी ने उस पर चाकू से लगातार वार करने शुरू कर दिए।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सोहेल गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के आने तक उसे काबू में रखा। आरोपी को भी झड़प के दौरान मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित हथियार रखने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular