Wednesday, July 15, 2026
HomeLatest NewsNIA का बड़ा एक्शन प्लान! गैंगस्टर और ड्रग्स नेटवर्क पर 5 राज्यों...

NIA का बड़ा एक्शन प्लान! गैंगस्टर और ड्रग्स नेटवर्क पर 5 राज्यों की संयुक्त रणनीति

चंडीगढ़: संगठित अपराध, सीमा पार से होने वाली नशा और हथियारों की तस्करी तथा आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के साथ अहम बैठक की। पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय में हुई इस बैठक में भविष्य की संयुक्त रणनीति और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर सहमति बनी।

करीब पांच घंटे तक चली इस बैठक में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में तय किया गया कि गैंगस्टर नेटवर्क, ड्रग्स सिंडिकेट और आतंकवाद से जुड़े मामलों में सभी एजेंसियां मिलकर तेजी से कार्रवाई करेंगी। साथ ही इंटेलिजेंस साझा करने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और राज्यों के बीच सूचना के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कई गैंग और अपराधी अलग-अलग राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में अलग-अलग कार्रवाई के बजाय संयुक्त ऑपरेशन ज्यादा प्रभावी साबित होंगे। विदेशों में छिपे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थ भेजे जाने की बढ़ती घटनाओं को गंभीर चुनौती बताया गया। अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान से सटी पंजाब सीमा इस तरह की गतिविधियों के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील है। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को आतंकी संगठनों और गैंगस्टर नेटवर्क से जोड़ने की साजिशों पर भी चिंता व्यक्त की गई।

इसके अलावा हवाला, UPI और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए चल रहे अवैध फंडिंग और रंगदारी नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए संयुक्त कार्रवाई का खाका तैयार किया गया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भरोसा जताया कि राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच मजबूत तालमेल से गैंगस्टर, ड्रग्स तस्करी और आतंकवाद के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular