Wednesday, July 15, 2026
HomeLatest Newsऑपरेशन प्रहार 3.0 आज से शुरू, जालंधर ग्रामीण में बड़ी सफलता

ऑपरेशन प्रहार 3.0 आज से शुरू, जालंधर ग्रामीण में बड़ी सफलता

जालंधर, जुलाई, 2026

पंजाब सरकार तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), पंजाब के निर्देशों के अनुपालन में जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा आज ऑपरेशन प्रहार 3.0 की शुरुआत की गई। इस विशेष अभियान का उद्देश्य गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों, उन्हें शरण देने वालों, भगोड़े अपराधियों (पी.ओ.), वांछित आरोपियों, जमानत पर बाहर आए अपराधियों तथा अन्य आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करना है।

इस ऑपरेशन का नेतृत्व श्री नवीन सिंगला, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस (डीआईजी), जालंधर रेंज द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं जालंधर ग्रामीण का दौरा कर चल रहे ऑपरेशन का जायजा लिया, मैदान में तैनात पुलिस टीमों की निगरानी की तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

स.हरविंदर सिंह विर्क, पीपीएस, सीनियर पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण के नेतृत्व में यह अभियान पूरे जिले में समन्वित ढंग से चलाया जा रहा है। एसएसपी ने भी स्वयं विभिन्न स्थानों का दौरा कर छापेमारी अभियान का निरीक्षण किया, पुलिस टीमों से बातचीत की तथा ऑपरेशन प्रहार 3.0 की प्रगति की समीक्षा की।

इस ऑपरेशन की निगरानी डा. मुकेश कुमार, पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय); मनजीत कौर, पुलिस अधीक्षक (पीबीआई); लखविंदर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (जांच); रशपाल सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (स्पेशल क्राइम); दीपक शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (होमिसाइड); मनजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक); नरेंद्र सिंह औजला, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन करतारपुर; राजीव कुमार, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन आदमपुर; ओंकार सिंह बराड़, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन नकोदर; सर्वण सिंह बल्ल, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन शाहकोट; तथा भारत मसीह लद्धड़, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन फिल्लौर द्वारा की जा रही है। इसके अतिरिक्त जालंधर ग्रामीण पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं, जबकि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं।

ऑपरेशन प्रहार 3.0 के दौरान जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा पूरे जिले में व्यापक कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कानूनी एवं निवारक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 75 रेड की गई,34 एफआईआर दर्ज की गईं, नए मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 71 वांछित आरोपियों तथा 11 भगोड़े अपराधियों (पी.ओ.) को गिरफ्तार किया गया, 65 निवारक कार्रवाई की गईं, 9 डोजियर तथा 2 इंटेलिजेंस रिपोर्ट (आईआर) तैयार की गईं, 12 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया, 370 ट्रैफिक चालान किए गए तथा 51 वाहन जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त 347 ग्राम हेरोइन, 182 नशीली गोलियां, 2 मोटरसाइकिल तथा 15 लीटर 750 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 मामले दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक्साइज एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी जालंधर ग्रामीण ने बताया कि 13 जुलाई, 2026 को पूरे जिले में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) भी चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने सुनसान स्थानों, परित्यक्त इमारतों, नशे के हॉटस्पॉट तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त संदिग्ध व्यक्तियों, वांछित आरोपियों, भगोड़े अपराधियों (पी.ओ.) तथा जमानत पर बाहर आए अपराधियों का भी सत्यापन किया गया।

अभियान के तहत पूरे जिले में नाइट डोमिनेशन को और अधिक सख्त किया गया है तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए हैं। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी ने आगे बताया कि जालंधर ग्रामीण में 112 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) चौबीसों घंटे तैनात हैं, जो किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल करें।

जालंधर ग्रामीण पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एसएसपी ने आश्वासन दिया कि गैंगस्टरों, नशा तस्करी, फिरौती, धमकियों अथवा किसी भी अन्य आपराधिक गतिविधि संबंधी सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस को प्राप्त प्रत्येक विश्वसनीय सूचना पर तत्काल तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular