अंबाला: हरियाणा में मानसून ने फिलहाल कुछ दिनों के लिए रफ्तार धीमी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहेंगी। हालांकि, 18 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है, जिससे हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, 13 और 14 जुलाई को एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद कुछ दिनों तक मानसून कमजोर रहेगा। वहीं, 18 से 21 जुलाई के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और उमस भी कम हुई है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार मानसून पूरे प्रदेश में एक समान नहीं बरसा है। एनसीआर और जीटी बेल्ट के जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जैसे इलाकों में अब भी सामान्य से कम वर्षा हुई है।
शनिवार को सिरसा में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा भिवानी में 37, हिसार में 36, गुरुग्राम में 34.9, करनाल में 33.6 और यमुनानगर में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों में मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।


