स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथैम्पटन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में 3-0 से पिछड़ चुकी भारतीय टीम इस मैच में सम्मान बचाने के साथ-साथ आईसीसी टी20 रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड ने पूरी सीरीज में दमदार खेल दिखाया है। मेजबान टीम अगर आखिरी मुकाबला भी जीत जाती है तो वह भारत को पछाड़कर टी20 क्रिकेट की नई नंबर-1 टीम बन सकती है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम के लिए इस सीरीज में बल्लेबाजी सबसे बड़ी कमजोरी रही है। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने चौथे मुकाबले में 80 रन की शानदार पारी खेलकर जरूर उम्मीद जगाई थी, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
गेंदबाजी में भी टीम इंडिया संघर्ष करती नजर आई है। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा रन रोकने में प्रभावी साबित नहीं हुए, जबकि स्पिन विभाग में भी भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में असफल रहे।
वहीं, इंग्लैंड की टीम हर विभाग में संतुलित नजर आई है। कप्तान हैरी ब्रूक शानदार फॉर्म में हैं, जबकि फिल साल्ट, टॉम बैंटन और जैकब बेथेल ने भी लगातार रन बनाए हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजी को काफी परेशान किया है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
साउथैम्पटन के द रोज बाउल की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस मिलने से बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 166 रन रहा है और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड भी बेहतर है। 24 टी20 मैचों में से 16 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
मौसम की बात करें तो शनिवार को साउथैम्पटन में बारिश की संभावना बेहद कम है। आसमान साफ रहने की उम्मीद है, जिससे फैंस को बिना किसी रुकावट के पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।



