Friday, July 10, 2026
HomeLatest Newsबागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द शुरू होगा 1,300 करोड़ रुपये...

बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द शुरू होगा 1,300 करोड़ रुपये का जाइका प्रोजेक्ट: मोहिंदर भगत


चंडीगढ़: 

पंजाब के बागवानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने आज पंजाब भवन, चंडीगढ़ में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र में हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बागवानी क्षेत्र को अधिक आधुनिक, समृद्ध और लाभकारी बनाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

श्री मोहिंदर भगत ने बताया कि राज्य में बागवानी क्षेत्र के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के सहयोग से लगभग 1,300 करोड़ रुपये की लागत वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पंजाब में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल तथा उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहन मिलेगा, उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, बागवानी का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा बागवानी क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

मान सरकार की किसान-हितैषी नीतियों से प्रदेश के युवा विदेश जाने के बजाय बागवानी को अपना रहे हैं रोजगार का माध्यम

बागवानी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बागवानी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न किसान-हितैषी योजनाएं चला रही है, जिनका किसानों और युवाओं को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अब राज्य के अनेक युवा विदेश जाने की बजाय बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं

कृषि अवसंरचना निधि योजना के तहत 28,195 परियोजनाओं को मिली मंजूरी

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) योजना के अंतर्गत 28,195 परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है। इस योजना के तहत किसानों को विभिन्न वित्तीय संस्थानों द्वारा लगभग 6,729 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सर्वाधिक स्वीकृत परियोजनाओं वाला राज्य बनने का गौरव पंजाब को प्राप्त है।

पंजाब बागवानी क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा,किसान-हितैषी नीतियों के सार्थक परिणाम, बागवानी के तहत रकबा बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हुआ

श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की किसान-हितैषी नीतियों तथा बागवानी क्षेत्र को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहन के परिणामस्वरूप राज्य में बागवानी के अंतर्गत क्षेत्रफल बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पंजाब बागवानी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।

 

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular