Wednesday, October 14, 2026
HomeLatest Newsजालंधर की फैक्ट्री में तड़के भड़की भीषण आग, लाखों का सामान राख;...

जालंधर की फैक्ट्री में तड़के भड़की भीषण आग, लाखों का सामान राख; समय रहते बची मजदूर की जान

जालंधर फैक्ट्री अग्निकांड: जालंधर के निजातम नगर स्थित एक फैक्ट्री में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर सो रहे एक मजदूर ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, मजदूर रोज की तरह रात में फैक्ट्री परिसर में ही सोया हुआ था। तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उसे धुआं और आग की तेज लपटें दिखाई दीं। खतरे को भांपते हुए वह तुरंत फैक्ट्री से बाहर निकल आया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर फैक्ट्री मालिक व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

फैक्ट्री संचालक राहुल ने बताया कि आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। हालांकि नुकसान का अंतिम आंकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।

फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यदि फैक्ट्री के अंदर मौजूद मजदूर समय रहते बाहर नहीं निकलता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular